
अल्मोड़ा। एनडीए एवं सीडीएस परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा सामग्री की गोपनीयता और मूलभूत सुविधाओं समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारी निर्धारित समय से पूर्व अपने तैनाती स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। उन्होंने परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने और निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया। बैठक में परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने और प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से संघ लोक सेवा आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में परीक्षा की नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


