
अल्मोड़ा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को अल्मोड़ा में सरकारी और निजी बैंकों के कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहने से जिले में करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। शाखाओं से होने वाले नकदी लेनदेन और अन्य बैंकिंग कार्यों के लिए ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि एटीएम से नकदी निकासी जारी रही। हड़ताली कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, 11वें और 12वें द्विपक्षीय समझौतों को लागू करने, पेंशन अपडेशन और पुरानी पेंशन बहाल करने सहित लंबित सेवा संबंधी मांगों के समाधान की मांग की। इसके अलावा प्रॉफिट लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) में कथित भेदभाव समाप्त करने की भी मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को कार्य-जीवन संतुलन का लाभ मिलेगा। उन्होंने लंबित सेवा संबंधी मामलों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का अगला चरण शुरू करने की चेतावनी दी। इसके तहत 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल और अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित है। प्रदर्शन में क्षेत्रीय सचिव क्षेत्र-2 अल्मोड़ा मोहम्मद यासर अंसारी, दीपिका, शशि, सौमित्र पंत, धर्मेश कुमार, प्रिया चंद, मानसी बेलवाल, मुकुल चौहान, अनुज पटवाल, शिल्पा पाण्डेय, संतोष भारती, मयंक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

