
चमोली। बद्रीनाथ धाम में शुक्रवार तड़के तप्त कुंड में स्नान के दौरान दो बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। दोनों महिलाएं तप्त कुंड में स्नान कर रही थीं, इसी दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं।
चमोली पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान राजस्थान निवासी 63 वर्षीय प्रेमा देवी और 71 वर्षीय रामू देवी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंदिर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों महिलाओं की मौत कुंड में स्नान के दौरान बेहोश होने से हुई। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
बद्रीनाथ मंदिर के समीप स्थित तप्त कुंड प्राकृतिक गर्म पानी का स्रोत है। धार्मिक मान्यता के चलते श्रद्धालु भगवान बद्रीनाथ के दर्शन से पहले यहां स्नान करते हैं। बद्रीनाथ धाम में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और तप्त कुंड में स्नान भी करते हैं।

