
अल्मोड़ा। खेल विभाग के आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में वर्ष 2026-27 के प्रवेश के लिए आयोजित जनपद स्तरीय चयन ट्रायल्स में विभिन्न खेलों के 12 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए चयन किया गया। दो दिवसीय चयन प्रक्रिया हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम, अल्मोड़ा में आयोजित हुई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या ने बताया कि 9 और 10 सितंबर को आयोजित ट्रायल्स में फुटबॉल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, हॉकी (बालिका), क्रिकेट (बालक) और वॉलीबॉल (बालक) के खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों का बैटरी टेस्ट (फिजिकल फिटनेस टेस्ट) कराया गया, जिसमें 100 मीटर दौड़, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, 6×10 शटल रन, 800 मीटर दौड़ और मेडिसिन बॉल थ्रो शामिल रहे। इसके साथ ही संबंधित खेलों के स्किल टेस्ट भी लिए गए।
राज्य स्तरीय ट्रायल्स के लिए फुटबॉल (बालक) से संकल्प कनवाल, प्रशांत सिंह कनवाल और चिराग सिंह, एथलेटिक्स (बालक) से नितेश सिंह जीना, सूरज सिंह और गौरव सिंह, एथलेटिक्स (बालिका) से लता आर्या, हॉकी (बालिका) से हिमांशी गिरी, क्रिकेट (बालक) से पवन सिंह बिष्ट, वॉलीबॉल (बालक) से शुभम कुमार तथा बॉक्सिंग (बालक) से रुद्र प्रताप और कार्तिक सिंह का चयन हुआ।
चयन ट्रायल्स के सफल संचालन में खेल विभाग के विक्रम भंडारी, रीता बिष्ट, विद्या भंडारी, कैलाश मेहरा, राजेंद्र सिंह राणा, मनीष कनवाल, कविता थापा, जीवन बोरा, करिश्मा भंडारी, हरेंद्र प्रसाद, हरिश गोस्वामी सहित विभागीय कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।


