
पिथौरागढ़। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन ने लंबित 12 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संगठन ने निर्णय लिया है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 25 सितंबर को जिलेभर के मिनिस्टीरियल कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित गेट मीटिंग में कर्मचारियों ने सरकार और शासन से लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से लंबित मुद्दों पर लगातार ज्ञापन और वार्ता के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है, जिसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
कुमाऊं मंडल प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सौन और संयुक्त मंत्री सौरभ चंद ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए संगठन की एकजुटता आवश्यक है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में मिनिस्टीरियल पदों के पुनर्गठन, पदोन्नति के पर्याप्त अवसर, पृथक सेवा नियमावली लागू करने, स्थानांतरण व्यवस्था में सुधार, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, गोल्डन कार्ड की विसंगतियों के निराकरण सहित 12 सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
चंपावत के जिला सचिव जीवन चंद्र ओली ने भी कर्मचारियों से संगठनात्मक एकता बनाए रखने और आगामी आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
गेट मीटिंग में जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुंठी, महामंत्री देवराज कन्याल, प्रहलाद सिंह, शंकर पंत, मनोज चंद, जतिन मैथ्यू, प्रेम सिंह मेहता, कवीन्द्र सिंह वाल्दिया, पारस कापड़ी, स्तुति कुंवर, लता मर्तोलिया, अभिषेक कुमार, हरीश मखौलिया, सुनील लोहिया, पंकज खोलिया सहित बड़ी संख्या में मिनिस्टीरियल कर्मचारी मौजूद रहे।


