
देहरादून। ग्रामीण विकास विभाग में लंबे समय से लंबित सहायक खंड विकास अधिकारियों (एबीडीओ) की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी के निर्णय के बाद एबीडीओ को पदोन्नत कर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया गया है। इसके साथ ही पदोन्नत अधिकारियों को विभिन्न विकासखंडों में नई तैनाती भी दी गई है।
विभाग के अनुसार, इस निर्णय से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को राहत मिली है। वहीं, विकासखंडों में बीडीओ की उपलब्धता बढ़ने से ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन, निगरानी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि विकासखंड स्तर पर खंड विकास अधिकारी की भूमिका योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण होती है। अधिकारियों की तैनाती से विभागीय समन्वय मजबूत होगा और विकास कार्यों की गति बढ़ेगी।
पदोन्नत अधिकारियों ने निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि लंबे समय से लंबित पदोन्नति मिलने से नई जिम्मेदारियों के साथ बेहतर ढंग से कार्य करने का अवसर मिलेगा।
विभाग का मानना है कि इस फैसले से स्वयं सहायता समूहों, आजीविका मिशन तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही विकासखंड स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी होने से ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

