
अल्मोड़ा। थाना देघाट पुलिस ने खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद ने खेल मैदान देघाट में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। साइबर जागरूकता कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदेश, सोशल मीडिया अपराध, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने तथा अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराध होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना बिना देर किए पुलिस को दें।

