
अल्मोड़ा। महापौर ने मंगलवार को प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारियों के साथ दुगालखोला वार्ड का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मां नंदा देवी विसर्जन स्थल स्थित पारंपरिक नौले के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और समीपस्थ नाले के सुदृढ़ीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों से कहा कि जनभावनाओं और जनसुविधाओं से जुड़े इन कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ वार्डों का समग्र विकास नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद, नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, अवर अभियंता, सफाई निरीक्षक तथा क्षेत्र के स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

