
देहरादून। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने 60 वर्षीय महिला हिस्ट्रीशीटर को 6.98 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। महिला का नाम पहले गिरफ्तार किए गए दो नशा तस्करों से पूछताछ के दौरान सामने आया था। न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसके घर की तलाशी ली गई, जहां चकले के पीछे छिपाकर रखी गई स्मैक बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत जुलाई में दिलदार और सितंबर में आशिफ को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्होंने स्मैक कुंजाग्रांट निवासी परवीन उर्फ पिन्नो से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की विवेचना आगे बढ़ाते हुए महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत कार्रवाई शुरू की और न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त किया।
सोमवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विकासनगर पुलिस ने महिला के घर की तलाशी ली। इस दौरान रोटी बनाने वाले चकले के पीछे छिपाकर रखी गई 6.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार परवीन उर्फ पिन्नो कोतवाली विकासनगर की हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं तथा वह पूर्व में भी जेल जा चुकी है।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को स्मैक बेची थी। पुलिस का कहना है कि दिलदार की गिरफ्तारी के बाद उसने कुछ समय तक तस्करी बंद रखी, लेकिन मामला शांत होने का अंदाजा लगाकर दोबारा चोरी-छिपे स्मैक बेचने लगी। आशिफ की गिरफ्तारी के बाद बची हुई स्मैक उसने अपने घर में छिपा दी थी, जिसे पुलिस ने तलाशी के दौरान बरामद कर लिया।

