
पिथौरागढ़(आरएनएस)। डीडीहाट तहसील के डुंडु क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की। मंगलवार को नगर के टकाना पहुंचे डुंडु के ललित मोहन पंत ने बताया कि क्षेत्र में वर्ष 2021 से खनन कार्य बंद है, लेकिन पिछले चार माह से पोकलैंड और जेसीबी मशीनों के माध्यम से धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। जीपीएस मैपिंग कर प्रमाण सहित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। खनन के कारण घरों के आसपास जमीन में दरारें आने लगी हैं और भूस्खलन तथा जमीन धंसने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि खनन क्षेत्र के बेहद करीब कई आवासीय भवन, होटल और दुकानें स्थित हैं। कुछ मकान खनन स्थल से महज 15 मीटर की दूरी पर हैं, जबकि कई अन्य घर 35 से 40 मीटर की दूरी पर स्थित हैं। खनन क्षेत्र से करीब 20 मीटर की दूरी पर पौराणिक मंदिर और 80 मीटर की दूरी पर प्राथमिक विद्यालय स्थित है। जीआईसी छड़नदेव की दूरी करीब 90 मीटर है, खनन मशीनों के शोर से विद्यालय में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कहा कि खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो जमीन धंसने से आसपास के घर और दुकानें मलबे की चपेट में आ सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का स्थलीय निरीक्षण कराने, खनन की जांच करने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान मनोज पाण्डेय, प्रमोद सिंह, ललित पाण्डे, हिमांशु कुमार,होशियार सिंह,अमित सिंह,विनोद चंद,हरि कृष्ण,रवि,विनोद धामी आदि रहे।

