
विकासनगर(आरएनएस)। तहसील कालसी के अंतर्गत ग्राम व्यास नहरी में सेना की भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर मामला गरमा गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि यमुना घाट के समीप मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस) के नाम दर्ज भूमि पर अवैध निर्माण किया गया है। उन्होंने इस मामले में तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता गिरीश डालाकोटी के अनुसार उन्होंने इस संबंध में 26 जुलाई को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से एसडीएम को शिकायत दर्ज कराई थी। उनका दावा है कि शिकायत के बाद हुई जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद मौके से अतिक्रमण हटाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भूमि राजस्व अभिलेखों में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विसेज (एमईएस चौकी) के नाम दर्ज है। आरोप है कि यमुना घाट निर्माण स्थल के समीप इस भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर पक्का निर्माण किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सेना अथवा एमईएस के नाम दर्ज भूमि पर कथित निर्माण होने के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कालसी तहसील प्रशासन पर मामले को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। एसडीएम प्रेमलाल ने बताया कि मामले की जांच कर उचित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

