
हरिद्वार(आरएनएस)। लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर पदार्था के पास सोमवार को तेज रफ्तार टेंपो ट्रेवलर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। दोनों युवक एक ही गांव के रहने वाले और दोस्त थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत नसीरपुर कलां के गांव झबीरन निवासी अनुज (25) पुत्र पप्पू और आशीष (20) पुत्र ऋषि सोमवार सुबह किसी काम से पथरी आए थे।दोपहर में दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर पदार्था के पास उनकी बाइक की लक्सर की ओर से हरिद्वार जा रहे टेंपो ट्रेवलर से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनुज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आशीष को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी दोनों युवकों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई बिंटू ने बताया कि दोनों युवक दोस्त थे और सुबह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकले थे। दोनों मेहनत-मजदूरी करते थे। हादसे में दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, एक ही गांव के दो युवकों की मौत से ग्रामीण भी गमगीन हैं। एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि बाइक और टेंपो ट्रेवलर की आमने-सामने की टक्कर हुई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

