
रुद्रपुर(आरएनएस)। दो माह पूर्व बरी अंजनियां गांव में भूमि विवाद को लेकर खेत में काम कर रहे काश्तकार पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पांच जुलाई को बरी अंजनियां निवासी चंद्रवदन जोशी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो से आए लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। इसमें चंद्रवदन बाल-बाल बच गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले का वांछित आरोपी सतविंदर सिंह उर्फ सोनू कनेटी निवासी कनेटी फार्म बहेड़ी, जिला बरेली यूपी, खटीमा आया हुआ है। सूचना पर पुलिस ने उसे सितारगंज रोड से सुजिया गांव जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम में एसएसआई केसी आर्या, एसआई राकेश राय और हेड कांस्टेबल रविंद्र नाथ शामिल रहे।

