
हल्द्वानी(आरएनएस)। रानीबाग स्थित चित्रेश्वरधाम में कथित अतिक्रमण को लेकर पहाड़ी समाज ने आंदोलन की चेतावनी दी है। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि चित्रेश्वरधाम परिसर से कथित अतिक्रमण को जल्द नहीं हटाया गया तो राज्यभर में देवस्थानम अतिक्रमण हटाओ आंदोलन शुरू किया जाएगा। शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पहाड़ी आर्मी के प्रतिनिधियों ने रानीबाग स्थित शनि मंदिर के निर्माण को लेकर दस्तावेज और अन्य प्रमाण प्रस्तुत किए। उन्होंने आरोप लगाया कि चित्रेश्वरधाम परिसर में पौराणिक चित्रेश्वर महादेव मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से शनि मंदिर का निर्माण किया गया है। वक्ताओं ने इसे तत्काल ध्वस्त करने की मांग की।उन्होंने कहा कि इस संबंध में वर्ष 2025 में प्रशासन और प्राधिकरण से शिकायत की गई थी। पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि 9 जनवरी 2025 को उपजिलाधिकारी नैनीताल और राजस्व विभाग को शिकायत दी गई, जिसके बाद नए निर्माण को रोका गया था। बाद में प्राधिकरण ने 12 अगस्त 2025 को मामला दर्ज किया। आरोप है कि इसके बावजूद कथित अवैध निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और बाद में वहां टिनशेड भी लगाया गया। आगे उन्होंने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने 49 दर्शनार्थियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जबकि उनकी ओर से दी गई तहरीर पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि यदि कथित अतिक्रमण नहीं हटाया गया और आरोपित हेमंत कुमार गुप्ता उर्फ भय्यू सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो वह समाज के लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय में अन्न-जल त्यागकर आमरण अनशन शुरू करेंगे। इस दौरान सीता रावत, चंदन सिंह मनराल, राजेंद्र, शेर सिंह मवाड़ी, कविता जीना, प्रेमा मेर, मनोहर सिंह रावत, हेमगिरी महाराज, ललित मनराल, अंजू पांडेय आदि रहे।

