
हल्द्वानी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के नाम से फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल बनाकर साइबर ठगों ने हल्द्वानी की दो महिलाओं से 80 हजार रुपये की ठगी कर ली। गरीबों की मदद के नाम पर भेजे गए संदेश के झांसे में आकर दोनों महिलाओं ने ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हल्द्वानी कोतवाली और मुखानी क्षेत्र की दो महिलाओं को व्हाट्सऐप पर मुख्यमंत्री विजय थलापति की तस्वीर लगी प्रोफाइल से संदेश भेजा गया। संदेश में खुद को मुख्यमंत्री बताते हुए गरीबों की सहायता के लिए आर्थिक सहयोग मांगा गया। वीआईपी प्रोफाइल और मानवीय अपील के कारण महिलाएं ठगों के झांसे में आ गईं। एक महिला से 45 हजार और दूसरी से 35 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए।
रकम भेजने के बाद जब महिलाओं ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया तो संबंधित मोबाइल नंबर बंद मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और पुलिस से शिकायत की गई।
साइबर सेल के अनुसार शिकायत मिलते ही तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। बैंक खातों और व्हाट्सऐप नंबरों की ट्रेसिंग की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला किसी अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।
साइबर सेल के विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रसिद्ध व्यक्ति, जनप्रतिनिधि या सरकारी अधिकारी के नाम से सोशल मीडिया अथवा मैसेजिंग ऐप पर धन की मांग किए जाने पर उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना कोई भुगतान न करें। संदिग्ध संदेश मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।

