
हरिद्वार(आरएनएस)। सिडकुल क्षेत्र में युवक-युवती के आपसी विवाद के बाद सड़क पर कई लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग सड़क पर ही एक दूसरे से भिड़ गए। इस दौरान लात-घूंसे के साथ बेल्ट से भी जमकर मारपीट की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार सिडकुल क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में काम करने वाले कई युवक और युवतियां छुट्टी के वक्त बाहर निकले थे। एक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। एक दूसरे के साथ मारपीट करने लगे। लोगों ने घटना को मोबाइल में कैद कर लिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई युवक एक दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। कुछ महिलाएं भी विवाद में शामिल नजर आ रही हैं। हालांकि, मारपीट की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

