
नैनीताल। मुक्तेश्वर से लौट रहे फरीदाबाद के पर्यटकों का टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार दोपहर रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर लुक्ताधार (दुत्कानेधार) के पास अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि अन्य 20 यात्रियों को एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त अभियान में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UP14 TQ 9690 में फरीदाबाद से आए 22 पर्यटक सवार थे। दोपहर करीब 1:35 बजे वाहन रामगढ़ से मुक्तेश्वर की ओर जाते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसके अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम खाई में उतरकर रेस्क्यू दल ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला। कई स्थानों पर ह्यूमन चेन बनाकर घायलों को सड़क तक पहुंचाया गया।
हादसे में फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह की मौत हो गई, जबकि दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। रेस्क्यू किए गए यात्रियों में 14 लोग घायल हैं, जिनमें 10 माह की एक बच्ची भी शामिल है। छह अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यकतानुसार हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पर्यटकों का दल मुक्तेश्वर भ्रमण के बाद वापस लौट रहा था। वाहन चालक भी घायलों में शामिल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


