
राजगढ़ (आरएनएस)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने एक हंसते-खेलते परिवार को भारी दुख दे दिया है। यहां रात एक बड़ी लापरवाही के चलते 11 लोगों से भरी एक ईको कार बायपास की उफनती पुलिया से तेज बहाव में बह गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं। दो लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन की टीम युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी है।
चेतावनी को किया अनसुना, मौत के मुंह में ले गया ड्राइवर
जानकारी के अनुसार, रात को एक परिवार ईको कार में सवार होकर देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद गांव जा रहा था। रास्ते में सारंगपुर ब्लॉक के पड़ाना स्थित नए बायपास पुल पर बाढ़ का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा था। स्थानीय ग्रामीणों ने खतरे को भांपते हुए ड्राइवर को आगे बढ़ने से रोका और चेतावनी भी दी, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी। बाहर से आए चालक को पानी की गहराई और पुल की स्थिति का बिल्कुल अंदाजा नहीं लगा और उसने जोखिम उठाते हुए गाड़ी पुल पर उतार दी। जैसे ही कार पानी में गई, तेज बहाव में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तिनके की तरह बह गई।
कार में सवार थे 11 लोग, तीन की तलाश अब भी जारी
हादसे का शिकार हुई इस बदनसीब कार में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष, चार महिलाएं और चार मासूम बच्चे शामिल थे। हादसे के तुरंत बाद दो लोग किसी तरह पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जिससे उनकी जान बच गई। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अब तक छह लोगों के शव नदी से बाहर निकाल लिए हैं। वहीं, बाकी बचे तीन लापता लोगों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
प्रशासन मौके पर मुस्तैद, क्रेन की ली जा रही है मदद
इस खौफनाक हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम, एसडीओपी और सारंगपुर थाना प्रभारी भारी पुलिस बल और रेस्क्यू टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। फिलहाल, प्रशासन क्रेन की मदद से पानी में डूबी कार को निकालने और लापता लोगों को ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद हैं, जो लगातार बचाव कार्य पर नजर बनाए हुए हैं।
