
अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की अल्मोड़ा नगर इकाई की ओर से 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर में पोस्टर विमोचन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई। नगर मंत्री रोहित कुमल्टा ने बताया कि तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विभाग संगठन मंत्री मनीष राय ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। साहिल नेगी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अल्मोड़ा में ‘एक गांव-एक तिरंगा’ और ‘परिसर-परिसर वंदे मातरम्’ अभियान चलाए जाएंगे। ये कार्यक्रम 16 अगस्त तक आयोजित होंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के योगदान तथा राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के दौरान मनीष राय, रोहित कुमल्टा, विभाग छात्रा प्रमुख लक्ष्मी, मनीषा, मीनाक्षी नयाल, दीपक लोहनी, ऋतिक नेगी, सागर सांगा समेत अन्य कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।
