
अल्मोड़ा। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के क्षेत्रक मुख्यालय अल्मोड़ा में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जवानों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के ब्लड बैंक के सहयोग से आयोजित शिविर में 20 इच्छुक रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें 12 लोग रक्तदान के लिए योग्य पाए गए। शिविर का शुभारंभ डिप्टी कमांडेंट रविनंद झा ने स्वयं रक्तदान कर किया। समापन अवसर पर असिस्टेंट कमांडेंट अजीत ने भी रक्तदान किया। पैथोलॉजिस्ट एवं ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आशीष जैन ने रक्तदाताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान साबित हो सकता है और स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. गोविंद सिंह तितियाल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश पुनेरा के मार्गदर्शन में संस्थान सामाजिक दायित्वों के तहत इस तरह के आउटरीच शिविर आयोजित कर रहा है। शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र, डोनर कार्ड और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। ब्लड बैंक टीम में डॉ. आशीष जैन, जूनियर रेजिडेंट डॉ. आस्था, नर्सिंग अधिकारी नीलम रावत और मेडिकल सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा शामिल रहे। एसएसबी की ओर से वीर सिंह एवं उनकी टीम ने सहयोग किया।
