
पौड़ी। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को कुंडधार के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। अनियंत्रित बोलेरो करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे हुआ। देवप्रयाग थाना पुलिस को कुंडधार के पास बोलेरो वाहन संख्या यूके08 बीएल 0387 के गहरी खाई में गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों और शवों को बाहर निकाला।
हादसे के समय वाहन में एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। दुर्घटना में अफजाल (49) पुत्र अकबर सूफी, शब्बो (40) पत्नी अफजाल, अन्नाविया (3), शादाब (14) और गुफरान (34) पुत्र अकबर, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में घायल अरमान पुत्र अफजाल को गंभीर अवस्था में रेस्क्यू कर बेस अस्पताल श्रीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अफजाल पौड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का कार्य करता था। शुक्रवार को वह अपने परिवार के साथ पौड़ी की ओर जा रहा था और स्वयं वाहन चला रहा था। कुंडधार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से हरिद्वार जनपद के रायपुर जीतपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
