
बागेश्वर। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 1.472 किलोग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सोमवार रात एसओजी टीम थाना कपकोट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। रात करीब 9:20 बजे पालीडुंगरा पुल के पास एक अपाचे मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 1.472 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से गोविन्द सिंह (32) पुत्र बहादुर सिंह तथा राजा रावत उर्फ राज रावत (26) पुत्र गोविन्द सिंह रावत, दोनों निवासी ग्राम सुमगढ़, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ थाना कपकोट में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (यूके-06 एसी-4957) को भी सीज कर दिया गया है। मामले में आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसओजी के उपनिरीक्षक जीवन सामंत, कांस्टेबल कुलदीप वर्मा तथा चालक कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।

