
नैनीताल। कैंचीधाम दर्शन के बाद केदारनाथ यात्रा पर निकले जयपुर के चार दोस्तों की धार्मिक यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब रामगढ़ पुल के पास नदी में नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक का शव नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर स्थित झोटवाड़ा निवासी चार दोस्त कार से कैंचीधाम दर्शन के लिए पहुंचे थे। बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन करने के बाद वे केदारनाथ जाने से पहले आसपास के प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण करने निकले। इसी दौरान रामगढ़ पुल के पास सभी युवक नदी में उतरे, जहां 20 वर्षीय प्रिंस बागौरिया पुत्र मनीष बागौरिया गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। खैरना चौकी पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना से उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह जीना के नेतृत्व में टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने नदी में सघन सर्च अभियान चलाकर युवक का शव बरामद किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
मृतक के साथ उसके तीन दोस्त अंश शर्मा, नितीश चौधरी और करण सिंह शेखावत भी यात्रा पर आए थे। दोस्त की अचानक मौत से तीनों गहरे सदमे में हैं।

