
हरिद्वार(आरएनएस)। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला के साथ 79 हजार रुपये की ठगी हो गई। अज्ञात आरोपी ने महिला का एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकाल ली। साथ ही टाइटन शोरूम पर शॉपिंग करी। मामले में पीड़ित महिला ने पुलिस को शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। रिंकी कुमारी निवासी सीता विहार कॉलोनी सलेमपुर महदूद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जून को शिवालिक नगर के पीएनबी एटीएम पर अपने कार्ड का एटीएम पिन जनरेट करने गई थी। इसी दौरान पीछे खड़े एक अज्ञात युवक ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड धोखे से अपने कार्ड से बदल लिया।इस दौरान आरोपी ने पिन जनरेट कर यह कहकर कार्ड वापस कर दिया कि महिला का कार्ड काम नहीं कर रहा है। आरोपी के मौके से फरार होने के बाद खाते की जानकारी लेने पर पता चला कि पीड़िता के खाते से 25 हजार रुपये विभिन्न एटीएम से निकाले गए है। साथ ही 54 हजार रुपये की खरीदारी रानीपुर मोड़ के टाइटन शोरूम में पीओएस मशीन से की गई। पीड़िता ने बैंक पहुंचकर कार्ड ब्लॉक कराया। लेकिन सभी लेनदेन हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम और टाइटन शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने और ठगी रकम की रिकवरी के प्रयास में जुटी है।
