
हरिद्वार(आरएनएस)। बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने युवती की हत्या के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग, पारिवारिक समारोह में डीजे पर डांस को लेकर हुआ विवाद और ब्लैकमेल की आशंका हत्या की वजह बनी। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई को ग्राम अलीपुर निवासी मोमिन पुत्र हमीद ने कोतवाली बहादराबाद में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी शहनुमा की हत्या गांव के ही नावेद पुत्र रियासत और उसके परिजनों ने कर दी है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर सोमवार को भगवानपुर क्षेत्र के चंदनपुर गांव से आरोपी नावेद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि उसका शहनुमा से प्रेम संबंध था। एक पारिवारिक शादी में डीजे पर डांस को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद युवती ने उसे विभिन्न मामलों में फंसाने, उसकी मां और बहन के बारे में अभद्र टिप्पणी करने तथा कोर्ट में रिश्ता तुड़वाने का बयान देने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार खुद को ब्लैकमेल होता देख आरोपी ने हत्या की साजिश रची। वह युवती को कलियर ले गया, जहां दोनों एक होटल में रुके। अगले दिन तड़के उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव गंगनहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
