
अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने शनिवार सुबह आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में बायोमैट्रिक उपस्थिति व्यवस्था नहीं मिलने और उपस्थिति पंजिका का नियमित संधारण न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
निरीक्षण में पाया गया कि कार्यालय में कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा उपस्थिति पंजिका में भी सभी कार्मिक नियमित रूप से हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे।
इस पर अपर जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को सभी कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उपस्थिति पंजिका का विधिवत संधारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में शीघ्र बायोमैट्रिक उपस्थिति व्यवस्था स्थापित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
अपर जिलाधिकारी ने कार्मिकों की उपस्थिति और कार्य निष्पादन की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कार्यालय में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
