
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान में शनिवार को नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
परीक्षा के लिए कुल 361 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 310 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 51 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के सुचारु और पारदर्शी संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से पहले ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई थीं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, गोपनीयता और निष्पक्षता से जुड़े सभी मानकों का पालन किया गया तथा पूरी परीक्षा बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, कोतवाल अल्मोड़ा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की।
संस्थान के प्राचार्य ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, विशेष रूप से जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के बेहतर समन्वय से परीक्षा का आयोजन व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सका। साथ ही केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षकों, कक्ष निरीक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों एवं अन्य सहयोगी कार्मिकों के योगदान की भी सराहना की।
