
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सल्ट पुलिस ने मानिला क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच जनजागरूकता अभियान चलाकर साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में आयोजित अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों को बताया कि साइबर ठग स्वयं को बैंक, पुलिस, सीबीआई, ईडी अथवा अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। इसके अलावा फर्जी कॉल, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया फ्रॉड, ओटीपी धोखाधड़ी, लिंक एवं क्यूआर कोड स्कैम, निवेश के नाम पर ठगी तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की गई।
पुलिस ने ग्रामीणों को मनी रिफंड मॉड्यूल (एमआरएम) की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने पर संबंधित बैंक को तुरंत अलर्ट भेजा जाता है, जिससे ठगी गई धनराशि को फ्रीज कर वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
अभियान के दौरान नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों, नए कानूनों, महिला एवं बाल अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही डायल 112, आपदा हेल्पलाइन 1070, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की गई।
