
बागेश्वर। कपकोट तहसील के शिवालय क्षेत्र में सरयू नदी की तेज धारा में बहे आठ वर्षीय बालक का शव पांचवें दिन शुक्रवार को बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने लगातार चलाए गए सर्च अभियान के दौरान असौं गांव के समीप नदी से शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार लाहुर गांव निवासी आठ वर्षीय राकेश सिंह 20 जुलाई को अपनी मां कमला देवी के साथ शिवालय स्थित शिव मंदिर गया था। इस दौरान पानी भरते समय वह अचानक सरयू नदी की तेज धारा में बह गया। घटना के बाद से ही पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी थीं।
शुक्रवार को संयुक्त बचाव दल ने उत्तरोड़ा के पास नदी के किनारे बालक का शव बरामद किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पांच दिनों तक चले सर्च अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य बचाव दल के जवानों ने नदी के आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार तलाश अभियान चलाया।
