
अल्मोड़ा। चिकित्सा सेवा बोर्ड, देहरादून की ओर से 25 और 26 जुलाई को आयोजित होने वाली नर्सिंग ऑफिसर भर्ती लिखित परीक्षा को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर मूलभूत व्यवस्थाओं की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का गहन सत्यापन किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारू रखने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिले में 25 जुलाई को होने वाली परीक्षा में 361 तथा 26 जुलाई को 228 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों दिनों में कुल 589 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा नोडल अधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
