
बागेश्वर। जिले में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की मौत के मामले में बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और एससी/एसटी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को फकीर राम निवासी फिटालगांव ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जीवन सिंह और पुष्कर सिंह ने उनके साले गोपाल राम की मारपीट कर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(V) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बुधवार शाम करीब सात बजे फल्यांटी स्थित एक दुकान के बाहर 40 वर्षीय गोपाल राम पुत्र स्व. काशीराम, निवासी गोगीनापानी, तथा पुष्कर सिंह और जीवन सिंह के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि विवाद के दौरान गोपाल राम को धक्का दिया गया, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक अजय साह को सौंपी गई। विवेचना के दौरान फोरेंसिक और डिजिटल साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को फल्टनिया-कांडा कच्ची सड़क क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवन सिंह कुँवर (42) पुत्र प्रताप सिंह और पुष्कर सिंह (52) पुत्र शेर सिंह, दोनों निवासी गोगीनापानी, जिला बागेश्वर के रूप में हुई है।

