
रुड़की(आरएनएस)। नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अभियान का असर सिविल लाइंस क्षेत्र में कुछ ही दिनों तक दिखाई दिया। अब शताब्दी द्वार से सेंट्रल पॉइंट होटल तक कई बड़े प्रतिष्ठानों और रेस्टोरेंट संचालकों ने दोबारा फुटपाथों पर कब्जा जमा लिया है। पैदल यात्रियों के लिए बने फुटपाथों पर दुकान का सामान, टेबल-कुर्सियां और ग्राहकों के वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इसके चलते लोगों को सड़क पर चलना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अभियान समाप्त होते ही अतिक्रमण फिर से शुरू हो गया। उनका आरोप है कि छोटे रेडी-ठेली संचालकों पर तो कार्रवाई होती है, लेकिन बड़े प्रतिष्ठानों के खिलाफ अपेक्षित सख्ती नहीं बरती जाती। इससे अभियान की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सिविल लाइंस के कुछ रेस्टोरेंट और भोजनालयों के बाहर देर रात तक वाहनों में खुलेआम शराब पी जाती है। कुछ स्थानों पर ग्राहकों को बाहर भोजन परोसने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन को बढ़ावा देने की भी शिकायत है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और पुलिस से संयुक्त अभियान चलाकर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब परोसने और सेवन कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित होगी।
