
अल्मोड़ा। जिला सूचना कार्यालय में नियुक्त अतिरिक्त सूचना अधिकारी सुंदर कुमार के पिथौरागढ़ स्थानांतरण पर मंगलवार को कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि सुंदर कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यकुशलता, सहयोगात्मक व्यवहार और सकारात्मक कार्यशैली ने कार्यालय की कार्यसंस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अपने नए कार्यस्थल पर भी इसी प्रतिबद्धता के साथ उत्कृष्ट सेवाएं देंगे।
इस अवसर पर सुंदर कुमार ने अल्मोड़ा में बिताए अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां का कार्यकाल उनके लिए प्रेरणादायी और यादगार रहा। उन्होंने कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के सहयोग एवं स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने भी सुंदर कुमार के साथ काम करने के अनुभव साझा किए और उनके सरल, सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगी स्वभाव की सराहना करते हुए पिथौरागढ़ में सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
