
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में हेलीपैड निर्माण, सड़क संपर्क, आपदा प्रबंधन, पुलिस आधुनिकीकरण तथा न्यायिक एवं कारागार अवसंरचना के विकास के लिए कुल 51 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, हवाई संपर्क, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।
स्वीकृत योजनाओं के तहत बागेश्वर जिले के बेड़ा-मझेड़ा (करीमपुर) में हेलीपैड निर्माण के लिए 8.91 करोड़ रुपये, उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के सुनकुंडी (जखोल) में हेलीपैड निर्माण के लिए 1.08 करोड़ रुपये तथा नैनीताल विधानसभा क्षेत्र के डौन परेवा में हेलीपैड निर्माण, पहुंच मार्ग और साइट डेवलपमेंट के प्रथम चरण के लिए 8.30 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट, देहरादून में विद्युतीकरण एवं सिविल कार्यों के लिए 50 लाख रुपये की शेष धनराशि जारी करने को भी मंजूरी दी गई है।
राज्य योजना के अंतर्गत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में तामली मोटर मार्ग से मुख्य तोक कारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए 2.64 करोड़ रुपये, अल्मोड़ा जिले के हवालबाग विकासखंड में लोधिया से चौमू तक पांच किलोमीटर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 3.84 करोड़ रुपये तथा मसूरी विधानसभा क्षेत्र में न्यू कैंट मोटर मार्ग पर सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल तक सड़क को दो लेन से 10.50 मीटर चौड़ा करने के लिए 16.87 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी गढ़वाल जिले में एसडीआरएफ पोस्ट नैनीडांडा के उठिडा गांव में भवन निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.62 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा जिला कारागार टिहरी में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल एवं आवश्यक उपकरणों के निर्माण के लिए 2.14 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 85.72 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है। पुलिस मुख्यालय के मशीन उपकरण, संयंत्र एवं साज-सज्जा के लिए 25 करोड़ रुपये के सापेक्ष 15 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का भी अनुमोदन दिया गया है।
