
अल्मोड़ा। सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने सोमवार को थाना क्षेत्र के ग्राम प्रहरियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य ग्राम स्तर पर पुलिस और जनता के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना तथा क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा। थानाध्यक्ष ने ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने गांवों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, घटना या गतिविधि की सूचना तत्काल थाना पुलिस को दें। उन्होंने विशेष रूप से नशा तस्करी और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए ग्राम स्तर पर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से पुलिस प्रभावी कानूनी कार्रवाई कर सकेगी। बैठक में ग्राम प्रहरियों को किरायेदार सत्यापन और बिना सत्यापन रह रहे बाहरी व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी जागरूक किया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव तथा क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की भी अपील की गई।


