
रुद्रप्रयाग(आरएनएस)। बीते एक साल से पानी के संकट से जूझ रहे जनपद के शिवानंदी गांव के ग्रामीणों ने रेलवे की मवाणा सुरंग में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक गांव में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जाती धरना जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन के साथ ही रेलवे के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे शिवानंदी के ग्रामीण रेलवे की मवाणा टनल पर पहुंचे। गांव में पानी न आने से आक्रोशित ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि एक साल से गांव में पानी का संकट बना हुआ है। पूर्व में उन्होंने प्रशासन और रेलवे को पत्र देकर 19 जुलाई तक गांव में पानी की व्यवस्था करने की चेतावनी दी थी लेकिन निर्धारित समय सीमा तक भी कार्य नहीं किया गया जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि जब से गांव के ऊपर से रेलवे की सुरंग बनाई जा रही है तभी से गांव का पानी खत्म हुआ है। उन्होंने जल्द पंपिंग योजना निर्माण और अन्य स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। कहा कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। धरना देने वालों में महिला मंगल दल अध्यक्ष गीता देवी, कमला देवी, सरोजनी देवी, सुशीला देवी, योगिता देवी, कुशलानंद गैरोला, रजत गैरोला, गिरीश गैरोला, हर्षपति थपलियाल आदि गांव के लोग मौजूद थे।
