
रुद्रपुर(आरएनएस)। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी की जिला इकाई ने जिला महामंत्री संतोष मल्होत्रा को पद से मुक्त कर दिया है। साथ ही खटीमा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिलाध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रत्याशी चयन प्रक्रिया पर चर्चा की गई। बताया गया कि कुछ पदाधिकारी लगातार बैठकों में अनुपस्थित रहे हैं। उनके विरुद्ध अनुशासनहीनता और जिला कार्यालय के निर्णयों का विरोध करने संबंधी शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं।इन बिंदुओं पर विचार-विमर्श के बाद जिला कार्यकारिणी एवं जिला इकाई ने सर्वसम्मति से संतोष मल्होत्रा को जिला महामंत्री पद से पदमुक्त करने का निर्णय लिया। यूकेडी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। केंद्रीय चुनाव संचालन समिति के निर्णय के अनुसार, इच्छुक कार्यकर्ता एवं दावेदार 25 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों पर समिति विचार कर योग्य प्रत्याशियों का चयन करेगी। इसी क्रम में ग्राम देवरी (खटीमा) निवासी रोहित भट्ट ने खटीमा विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी बनने के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत किया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक प्राप्त सभी आवेदनों पर विचार किया जाएगा और योग्य, सक्रिय एवं जनहित के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में शिवलाल रस्तोगी, कैलाश भट्ट, हरीश फुलेरा, चंचल सिंह खनका, सोनी यादव, उषा चौहान, शुभम सागर, अमन आर्य और जीवन चंद्र भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
