
लोहाघाट। नई स्कूटी के इंडिकेटर टूटने को लेकर हुए विवाद में पत्नी द्वारा पति पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल शिक्षक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार लोहाघाट के पाटन क्षेत्र निवासी शिक्षक की पत्नी भी सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने हाल ही में नई स्कूटी खरीदी थी। गुरुवार को पति बिना बताए स्कूटी लेकर बाजार चले गए। शाम को लौटने पर स्कूटी का इंडिकेटर टूटा हुआ देखकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर शांत कराया, लेकिन रात में फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्साई पत्नी ने चाकू से पति की गर्दन, पीठ और हाथ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शिक्षक के शरीर से खून बहने लगा, जिसके बाद पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने बताया कि पति-पत्नी दोनों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
