
विकासनगर(आरएनएस)। पछुवादून,जौनसार बावर में शुकवार दोपहर दो बजे बाद शुरु हुई मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरसी। विकासनगर, सेलाकुई में गलियों से बाजार तक जलभराव हो गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में हर जगह पर पानी जमा हो गया। बारिश के कारण विकासनगर में एनएच पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ। सिनेमा गली, मुस्लिम बस्ती, मदीना बस्ती, पंजाबी कॉलोनी में जल भराव से लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। बारिश से विकासनगर के सैयद रोड में पानी भर गया। मुख्य बाजार में गीता भवन के सामने एनएच किनारे नाले की सफाई नहीं होने के कारण बारिश के बाद एनएच पर कीचड़ फैल गया।
सिनेमा गली में जल भराव से व्यापारी परेशान रहे। विकासनगर मंडी परिसर में भी बारिश के बाद कीचड़ फैल गया, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बारिश के दौरान शहर की खराब जल निकासी व्यवस्था इन दावों की पोल खोल देती है। जलभराव के कारण नई बनी सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी तालाब जैसी स्थिति बन गई है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। बारिश के कारण दोपहर बाद बाजार में खरीदारी के लिए आए लोगों को भी परेशानियों से जूझना पड़ा। मूसलाधार बारिश से बचने के लिए लोग इधर उधर भटकते रहे। जल भराव होने के कारण लोगों को अपने घरों तक जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मौसम हुआ सुहावना, उमस से मिली राहत
शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश से विकासनगर में मौसम सुहावना हो गया। लोगों को सुबह से हो रही उमस भरी गर्मी से निजात मिली। शुक्रवार को विकासनगर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश से किसानो के चेहरों पर भी मुस्कान लौट आई। इन दिनों क्षेत्र में धान की रोपाई चल रही है। ऐसे में इस बारिश को धान की पौध के लिए वरदान माना जा रहा है। कृषि विज्ञान केंद्र ढ़करानी की वैज्ञानिक बिजेता ने बताया कि बारिश के बाद किसानों को खेत में हर दिन पानी देने की जरूरत नहीं होगी। इस बारिश से कई दिनो तक नमी बनी रहेगी, जो धान की पौध के लिए लाभदायक साबित होगी।
