
अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में अल्मोड़ा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को महिला पुलिस ने स्कूली बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली जानकी भंडारी के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों और महिला अध्यापिकाओं से मित्रवत बातचीत की। इस दौरान बच्चों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला पुलिस ने बच्चों को बताया कि पुलिस उनकी मित्र है और किसी भी प्रकार की समस्या, डर या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना झिझक पुलिस से सहायता ले सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की भी जानकारी दी गई। उन्हें सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, सड़क पर खेलकूद न करने, वाहन में सुरक्षित तरीके से बैठने तथा यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
