
हरिद्वार(आरएनएस)। लक्सर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ पथरी क्षेत्र में गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता को खेते में ले जाकर घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने सोमवार को आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता कक्षा छह की छात्रा है। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है। किशोरी अपने एक परिचित के साथ बाइक से पथरी क्षेत्र के एक गांव से काठा पीर दरगाह की ओर जा रही थी। गांव से कुछ दूरी पर खेतों के पास कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने किशोरी के परिचित के साथ मारपीट कर उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद उसे खेत में ले गए और गैंगरेप किया। मामले में किशोरी के परिजन लक्सर पुलिस के साथ रातभर किशोरी की तलाश करते रहे। आरोपियों के चुंगल से किसी तरह खुद को बचाकर पीड़िता एक घर में छिप गई, जहां घर में मौजूद एक महिला ने उसकी मदद की। सुबह होने पर किशोरी अपने परिजनों से मिली और आपबीती बताई। इसके बाद परिजन पीड़िता को पथरी थाने लेकर पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने सोमवार को उसके बयान दर्ज कर लिए हैं। एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
