
हरिद्वार(आरएनएस)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यों में तेजी ला दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को 25 जुलाई तक श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा और यात्रा की सुगमता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला पंचायत, सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित विभागों ने कांवड़ पटरी मार्ग पर कार्य तेज कर दिए हैं।जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी महेश बिश्नोई ने बताया कि रानीपुर झाल, पथरी पुल और इमलीखेड़ा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर कांवड़ पटरी मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई युद्धस्तर पर की जा रही है। इसके साथ ही मार्ग पर बने स्थायी और अस्थायी शौचालयों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सिंचाई खंड हरिद्वार के अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि गंगा घाटों की मरम्मत के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलिंग और सुरक्षा जंजीरें लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार और रुड़की डिवीजन की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान और अन्य आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में जुटी हैं। अपर मुख्य अधिकारी महेश बिश्नोई ने बताया कि सभी विभागीय टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि तय समय-सीमा से पहले ही कांवड़ पटरी मार्ग को पूरी तरह साफ, सुरक्षित और सुगम बना दिया जाए, ताकि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
