
बागेश्वर। बागेश्वर पुलिस की साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के बैंक खाते में एक लाख रुपये वापस कराए हैं। साइबर सेल ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक विभिन्न मामलों में करीब 8.75 लाख रुपये की ठगी गई धनराशि पीड़ितों को वापस दिलाई जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मेहरा के निर्देशन में साइबर सेल को हाल ही में एक शिकायत मिली थी, जिसमें अज्ञात साइबर ठगों द्वारा प्रलोभन देकर 3.43 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने की जानकारी दी गई थी। शिकायत मिलते ही साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर कार्रवाई शुरू की तथा संबंधित बैंक और पेमेंट गेटवे से समन्वय स्थापित कर 1.48 लाख रुपये की राशि होल्ड करा दी।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद होल्ड की गई राशि में से एक लाख रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए हैं, जबकि शेष राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने बागेश्वर पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।
साइबर सेल ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शुरू किए गए मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) के माध्यम से अब साइबर ठगी के पीड़ित अपनी रिफंड प्रक्रिया की स्थिति स्वयं देख सकते हैं। यह प्रणाली बैंक और पुलिस के बीच समन्वय को तेज बनाकर धनराशि की वापसी की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाती है।
बागेश्वर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होते हैं तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
