
उत्तरकाशी(आरएनएस)। जिला कांग्रेस कमेटी ने आपदाग्रस्त क्षेत्र हर्षिल में सुरक्षा कार्यों को लेकर सिंचाई विभाग पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि समय पर ठेका आवंटित होने के बावजूद निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी की गई। आवश्यक विभागीय अनुमतियां समय पर नहीं ली गई और वर्तमान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के नेतृत्व में कांग्रेस ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ ही निर्माण कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराने और हर्षिल में स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा कार्य युद्धस्तर पर जल्द शुरू करने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि इससे ग्रामीणों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अलावा कांग्रेस ने ग्रामसभा सौंदी की प्रशासनिक समस्या भी उठाई। कांग्रेस का कहना है कि विकासखंड डुंडा और जनपद उत्तरकाशी का हिस्सा होने के बावजूद सौंदी के अधिकांश विभागीय कार्य अब भी टिहरी से संचालित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए दोनों जिलों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए राज्य और केंद्र सरकार से आवश्यक पत्राचार कर सौंदी की प्रशासनिक समस्या का स्थायी समाधान कराने का अनुरोध किया। कांग्रेस ने दोनों जनहित के मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई की मांग रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व प्रमुख कनकपाल सिंह परमार, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष पंवार, पूर्व प्रधान जीतम सिंह रावत, नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस रमन कठैत मौजूद रहे।
