
रुद्रपुर(आरएनएस)। कलियर शरीफ से लौट रहे एक परिवार की कार गुरुवार देर रात महतोष मोड़ के पास टायर फटने से अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन के चेसिस से टकरा गई। हादसे में कार चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। गंभीर घायलों को बरेली हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का रुद्रपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार जाफरपुर निवासी 28 वर्षीय नदीम अहमद पुत्र नसीर अहमद टैक्सी चलाता था। वह गुरुवार को ग्राम मुझैना, थाना केमरी, जिला रामपुर निवासी एक परिवार के छह लोगों को लेकर कलियर शरीफ गया था।देर रात करीब साढ़े 11 बजे वापसी के दौरान महतोष मोड़ के पास कार का अगला टायर फट गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन के चेसिस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक नदीम अहमद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में चार महिलाओं समेत कुल सात लोग सवार थे। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 70 वर्षीय नथिया पत्नी मुनीम, 55 वर्षीय मोबिना पत्नी रईस अहमद, 15 वर्षीय अतीब पुत्र रईस अहमद, 30 वर्षीय इरफान पुत्र इकबाल, 28 वर्षीय अंजुम पत्नी इरफान और तीन वर्षीय मन्नत पुत्री इरफान शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बरेली रेफर किया गया है। नदीम अपने पीछे पत्नी मोबीना, तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
