
काशीपुर(आरएनएस)। मानसून के दौरान संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को तहसील क्षेत्र में व्यापक मॉकड्रिल आयोजित की। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा की देखरेख में हुए अभ्यास में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ और अन्य विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य का प्रदर्शन किया। मॉकड्रिल का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और रिस्पॉन्स टाइम को परखना रहा। अभ्यास की शुरुआत तहसील मुख्यालय में एक आपात सूचना मिलने से हुई। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा को सूचना दी गई कि हल्द्वानी रोड स्थित लेवड़ा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है।तेज बहाव के कारण नदी किनारे दरार आने तथा लोगों के फंसने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही एसडीएम ने सभी विभागों की रेस्क्यू टीमों को अलर्ट कर दिया और गदरपुर से पहुंची एनडीआरएफ टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत सामग्री के साथ लेवड़ा नदी पहुंचीं। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से पुल के दोनों ओर यातायात रोक दिया। नदी के तेज बहाव में फंसे पांच लोगों को एनडीआरएफ के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को एंबुलेंस से राहत शिविर पहुंचाया गया, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। दो लोगों की हालत गंभीर दर्शाते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर करने का भी अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल में नदी में फंसी दो बकरियों को भी सुरक्षित निकालकर पशु चिकित्सक से उपचार कराया गया। पुल के नीचे फंसी एक कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। प्रशासन की ओर से प्रभावितों को फूड पैकेट वितरित किए गए। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद लोनिवि की टीम ने पुल की मरम्मत का कार्य किया, जबकि पुलिस ने मार्ग खोलकर यातायात सामान्य कराया। एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मॉकड्रिल कराई गई है, ताकि किसी वास्तविक आपदा के दौरान सभी विभाग प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। मॉकड्रिल में सीएमओ डॉ. शैलेश चौधरी, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट रोहताश मिश्रा, इंस्पेक्टर भास्कर मेंधी, इंस्पेक्टर राम पंकज, इंस्पेक्टर सुशील कुमार, एनडीआरएफ के 27 जवान और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
