
अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनपद में विकास योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक से पूर्व उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जनपद में संचालित विकास योजनाओं, आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने ग्राम स्तर तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने तथा स्थानीय संसाधनों के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने जनपद में बांस आधारित परियोजना को पायलट परियोजना के रूप में विकसित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे खेतों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों की आजीविका को बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही पर्यटन और होमस्टे योजनाओं को रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए लाभार्थियों को आतिथ्य संबंधी प्रशिक्षण देने पर भी बल दिया। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए जनहित में इसी प्रकार कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आश्वस्त किया कि मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, मेयर अजय वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

