
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा के अंतर्गत सोमवार को नगर क्षेत्र के सभी शक्ति केंद्रों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की जमीनी मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और इसकी सबसे बड़ी शक्ति बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र और बूथ संगठन की रीढ़ हैं तथा इन्हीं के माध्यम से पार्टी की नीतियां और सरकार की योजनाएं आम जनता तक पहुंचती हैं। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र और संगठन दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह मतदाता सूची को अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाने का प्रयास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन सुनिश्चित करने और अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित और जनहित के संकल्प के साथ कार्य करता है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि नगर मंडल अल्मोड़ा में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नियमित बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाना आवश्यक है। नगर निगम अल्मोड़ा के मेयर अजय वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन की मजबूती, मतदान केंद्र प्रबंधन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक अभियानों को सफल बनाने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक में दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, जिलाध्यक्ष महेश नयाल, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, मेयर अजय वर्मा, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष किरण पंत, प्रदेश मंत्री धर्मवीर आर्या, अर्जुन बिष्ट, देवेंद्र भट्ट, पूनम पालीवाल, मनोज सनवाल, संदीप श्रीवास्तव, मनीष जोशी, सौरभ वर्मा, अमित साह, इन्द्रमोहन भंडारी, विजय भट्ट, मीरा मिश्रा, अभिषेक जोशी, दिनेश मठपाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


