
नई टिहरी(आरएनएस)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत मोटर मार्गों पर डामरीकरण कार्य शुरू न होने पर नैनबाग क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों ने कड़ा आक्रोश जताया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद विभाग की ओर से टेंडर नहीं खोले जा रहे है जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थानीय लोग मसोन बैंड-जयद्वार, गरखेत-द्वारगढ़, ऐंदी और सणब सड़क का डामरीकरण का लंबे समय से इंतजार कर रहे है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मार्गों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है जिससे आवागमन जोखिमभरा बना हुआ है। जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह रावत ने चेतावनी दी यदि जल्द टेंडर खोलकर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगी। विभागीय स्तर पर हो रही देरी से लोगों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय ग्रामीण शरण सिंह पंवार, देशपाल सिंह पंवार, प्रधान धीरेंद्र वर्मा, सुरेश कैंतुरा का कहना है कि मसोन-कांडी-जयद्वार मोटर की हालत खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए है। लोगों को जोखिम भरा सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। क्षेत्र के किसान आलू, मटर, बीन, पत्ता गोभी, प्याज, लहसुन का बडे़ स्तर पर उत्पादन करते है। सड़क खराब होने के कारण किसान अपनी उपज को विकासनगर मंडी तक समय पर नहीं पहुंचा पाते है। सड़क खराब होने के कारण मालभाड़ा अधिक देना पड़ता है।
टेंडर खोलने की प्रक्रिया गतिमान है। लगभग एक माह के भीतर टेंडर खोल दिए जाएंगे। इसके बाद ही संबंधित सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
– जीपी नौटियाल, ईई, पीएमजीएसवाई टिहरी
