
देहरादून(आरएनएस)। परिचित ने धोखे से कंस्ट्रक्शन कंपनी की बीएमडब्ल्यू कार लेकर हड़प ली। आरोपी बिना बीमा लग्जरी कार को सड़कों पर दौड़ा रहा है। खतरनाक ड्राइविंग और ओवर-स्पीडिंग में 19 ऑनलाइन चालान भी करा चुका है, यह चालान पेंडिंग हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाने पर जब आरोपी नहीं आया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्लेमनटाउन थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि रायपुर स्थित अभय विजन कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक पंकज सिरोही ने एसएसपी कार्यालय में तहरीर दी है। उनका कहना है कि जनवरी 2024 में वह अपनी कंपनी के नाम पंजीकृत बीएमडब्ल्यू कार को सर्विस के लिए मोहब्बेवाला ले जा रहे थे। क्लेमनटाउन इलाके में उन्हें परिचित संदीप कुमार मिला, जो मूल रूप से अलवर, राजस्थान का निवासी है और इन दिनों रेवाड़ी, हरियाणा में रह रहा है। संदीप ने कुछ निजी काम का हवाला देकर कार मांग ली। पूर्व परिचित होने के चलते पंकज ने भरोसा कर कार दे दी। बाद में संदीप ने कार खरीदने की बात कही। हालांकि, न तो उसने कार खरीदी और न ही उसे वापस किया। लंबे समय से चक्कर कटा रहा है। पंकज ने हाल ही में जब वाहन की ऑनलाइन डिटेल चेक की तो उनके होश उड़ गए। आरोपी उनकी कार के खतरनाक ड्राइविंग के कारण लगभग 70,000 रुपये के 19 चालान कर चुका है। इनका भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा कार का बीमा भी खत्म हो चुका है। वादी को डर है कि बिना बीमा वाली कार से यदि कोई दुर्घटना या गैर-कानूनी काम होता है तो कानूनी और आर्थिक जिम्मेदारी सीधे उन पर आ जाएगी। क्लेमनटाउन एसओ मोहन सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिलने के बाद आरोपी संदीप कुमार को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया गया। वह थाने नहीं आया। इससे आरोपी की नीयत में खोट सामने आई। मंगलवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कार को कब्जे में लेने की कार्रवाई की जाएगी।
